जमशेदपुर : अयोध्या की पावन धरा पर अब मर्यादा पुरूषोत्तम राम मंदिर के दर्शन करने का मौका राम भक्तों को मिलेगा। रामजन्मभूमि में भूमि पूजन के साथ लोगों का इंतज़ार अब खत्म हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंदिर की आधारशिला रखे जाने के साथ ही अयोध्या नगरी पूरे देश समेत जमशेदपुर में भी राम नाम के जयकारे से गूंज उठा। हर्ष भरे माहौल में जमशेदपुर मानगो विकास समिति के तत्वावधान में पवित्र अयोध्या पुरी में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के शिलान्यास की खुशी में दीपोत्सव का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पूरे मोहल्ले में विद्युत सज्जा की गई। जगह जगह दीप मालिका से स्वस्तिक चिह्न और ऊँ बनाया गया और प्रभु श्रीराम से मानव मात्र का कल्याण करने की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह ने श्रीराम प्रभु के मन्दिर निर्माण पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्वयं श्रीराम प्रभु की कृपा और बजरंगबली की दया से भगवान श्रीराम के मन्दिर निर्माण का शुभारंभ हुआ है। यह एक सौ तीस करोड़ देशवासियों और समस्त विश्व के देशों और वहांं के नागरिकों के गौरव का प्रतीक है। यह संपूर्ण देश को एकता प्रेम और भाईचारे के सूत्र में बांंधने का कार्य करेगा।
यह विश्व स्तर का पर्यटन स्थल बनेगा और सामाजिक धार्मिक और आर्थिक गतिविधियों का केन्द्र बनेगा। भारत सदा से सांस्कृतिक उन्नयन का स्थान रहा है और विश्व गुरु के रुप में और मजबूती से प्रतिष्ठित होगा। इस अवसर पर मिठाइयांं बांंटी गयी और खुशी मनाई गई। इस अवसर पर हर्षित सिंह अध्यक्ष छात्र शाखा मानगो विकास समिति, कुशाग्र सिंह,राहुल सिंह, अभिषेक सिंह चौहान, किरण सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल थे।