जमशेदपुर : महीनों पहले कोरोना से जंग का ऐलान हुआ। जिस जंग को जीतने की उम्मीद लिए हर मानव इससे लड़ रहा है। हर कोई सरकार और जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सारे एहतियात बरतते हुए इस जंग में अपनी भूमिका निभा रहा है। वहींं जिला प्रशासन लोगों की सुरक्षा के लिए मैदान में डटकर दिन रात लोगों काे संक्रमण से दूर रखने के उपायों में लगी है। डॉक्टर, नर्स, सफाई कर्मी दिन-रात लोगों की सेवा में जुटे है। मीडिया कर्मी लोगों तक सही जानकारी पहुंचा कर लोगों को हर पल, हर दिन जागरूक करने में लगी है। वैज्ञानिक वैक्सीन पर काम कर रहें है।
कमाल की बात तो ये है कि जहां पहले लोगों के साथ मास्क पहनने को लेकर, सामाजिक दूरी को लेकर सख्ती बरतनी पड़ती थी। वहीं अब लोगों ने इसकी आदत डाल ली है। अब लोग घर से बाहर निकलते वक्त मास्क और सेनिटाइजर को पॉकेट या अपने बैग में रखना नहीं भूलते। हम मानव के लिए तो अब मानो यह हमारे जीवन का हिस्सा बन चुका है। कोरोना से जंग में जीत के लिए लोगों ने सारी पाबंदियों को भी दिल से स्वीकार किया है। अपने इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने की ओर भी लोगों का खूब ध्यान बढ़ा है। जिससे अब लोगों का आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।
वैसे हमारा हौसला, आत्मविश्वास, मास्क, सामाजिक दूरी ये हमारे वो अस्त्र-शस्त्र है जिनसे हमें इस महामारी के जंग में लड़ना है, और लोग अब बखूबी ये समझ भी रहें है। यही वजह है कि जिले में स्वस्थ होने वाले लोगों का आंकड़ा भी अब तेज़ी से बढ़ रहा है। रविवार को जिले में रिकॉर्ड 252 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गए। जो कि अब तक का जिले में स्वस्थ होने का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 12 अगस्त को 215 लोगों ने कोरोना को मात दी थी। वहीं 146 नए मरीज़ रविवार को मिले है। कोरोना से पीड़ित 6 लोगों ने रविवार को टाटा मुख्य अस्पताल में दम तोड़ दिया। कोरोना के इस संक्रमण काल में याद रखें हमें डरना नहीं बस लड़ना है। अपना ख्याल रखिए, सारे गाइडलाइंस का पालन कीजिये। हमारी विजय हमारे हौसलों और आत्मविश्वास से ज़रूर होगी।