मिरर मीडिया:झारखंड के खूंटी जिला में पुलिस ने पांच लाख के इनामी सबजोनल कमांडर माओवादी जीत राय मुंडा समेत सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। वहीँ मौके पर इनके पास से बड़ी संख्या में हथियार व गोला-बारूद बरामद हुआ है। बाद में उनकी निशानदेही पर रांची जिले के तमाड़, सरायकेला जिले के कुचाई और चाईबासा जिले टोकलो थाना क्षेत्र से भी पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद किया है।
जीत राय मुंडा पर 28 अपराधिक मामले दर्ज हैं। पकड़े गए सारे नक्सलियों ने पांच पुलिसकर्मियों की हत्या समेत कई महत्वपूर्ण घटनाओं का खुलासा करते हुए इसमें अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
मंगलवार को एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी 24 अगस्त को की गई थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ नक्सली अड़की-मारंगहादा सीमावर्ती क्षेत्र में जुटे हुए हैं। पुलिस टीम बनाकर इस क्षेत्र में जब पहुंची तो रंगरोम जंगल से 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीँ तलाशी के दौरान उनके पास से कुछ हथियार माओवादी पोस्टर, बैनर बरामद किए गए । पूछताछ में सभी ने खुद को नक्सली बताया।गिरफ्तार नक्सलियों के दस्ते द्वारा चुनाव के दौरान पुलिस पार्टी को नुकसान पहुंचाना, सरायकेला जिले के कुकड़ू हाट में पांच पुलिसकर्मियों की हत्या एवं बदानी गांव में पुलिस कांस्टेबल आशीषन पूर्ति की हत्या समेत कई हत्याकांड, लेवी वसूली व आगजनी जैसे कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
बता दें कि, खूंटी एसपी आशुतोष शेखर ने माओवादियों की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना है। एसपी के अनुसार रांची, सरायकेला, खूंटी ट्राई जंक्शन पर यह पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। इस अभियान में मुख्य रूप से सैप, एसएसबी, झारखंड जगुआर के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।