जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी पुलिस लाइन में उस वक़्त हड़कंप मच गया जब हाल ही में एएसआई के पद पर प्रमोशन पाए तरुण कुमार पांडेय ने अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज़ सुनते ही सभी लोग इकट्ठे हो गए। फौरन सहायक अवर निरीक्षक (असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर-एएसआइ) तरुण पांडेय को लोग अस्पताल लेकर दौड़े जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।उनकी पत्नी भी रोने चीखने-चिल्लाने लगी। जिसके बाद ये खबर पाकर सभी सन्न रह गए। किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था। मामले की जानकारी पाकर शहर के एसएसपी और सिटी एसपी समेत सभी पदाधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना का कारण उनकी पत्नी से हुआ विवाद है। जून में उनका विवाह हुआ था। जिसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ गोलमुरी पुलिस लाइन में ही रह रहें थे। आज उनका अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि असिस्टेंट सब इंपेक्टर ने आवेश में आकर अपने पिस्तौल से खुद सिर पर गोली मार कर सोमवार की दोपहर को अपनी जान दे दी। तरुण पांडेय एक बेहतरीन खिलाड़ी भी था और स्पोटर्स कोटे से उसकी बहाली पुलिस विभाग में हुई थी। पहले वह कांस्टेबल था और हाल ही में वह एएसआइ के पद पर प्रोन्नत हुआ था। प्रोन्नति के बाद वह ड्यूटी कर रहा था। इस घटना के संबंध में उसकी पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है।