जमशेदपुर में जन्माष्टमी की धूम, मंदिरों में प्रवेश पर प्रतिबंध, घर-घर सज कर तैयार सांवरे

0

जमशेदपुर : पूरे संसार को मित्रता, प्रेम और धर्म का पाठ पढ़ाने वाले भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की आज चारों ओर धूम है। इस उत्सव का रंग और गहरा होता अगर कोरोना का साया न होता। उस मनमोहन की छवि जितनी प्यारी है। उनकी सीख उतनी ही अनमोल। कोरोना संकट के बीच इस साल दो दिन 11 और 12 अगस्त को जन्माष्टमी मनायी जा रही है। आज जमशेदपुर में भी लड्डू गोपाल के जन्मोत्सव की धूम मची है। कोरोना के साये ने इस उत्सव का रंग फीका ज़रूर किया है। लेकिन लोगों के मन में इस उत्सव को लेकर उमंग, उत्साह का रंग गहराता जा रहा है।

शहर के कई राधा-कृष्ण मंदिरों में मन मोहन कृष्णा के उत्सव के लिए मनमोहक सजावट की गई है। साकची के शीतला माता मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के भव्य श्रृंगार के साथ मंदिर की भव्य सजावट की गई है।

लेकिन हर साल की तरह मंदिरों में इस साल कोई आयोजन नहीं किया गया है जैसा हर साल किया जाता था। गली-मोहल्लों में भी श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर मटकी फोड़ी जाती थी। लेकिन संक्रमण की वजह से इस बार गली-मोहल्लों में भी इस तरह का आयोजन नहीं किया गया है। साकची शीतला मंदिर प्रबंधकों का कहना है कि हर साल जन्मोत्सव पर सुंदर झांकी आकर्षण का केंद्र होती थी। लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण को देखते हुए कोई झांकी नहीं निकाली जाएगी। वहीं इस बार देश भर में कोरोना गाइडलाइंस का पालन करते हुए श्रीकृष्ण का जन्मदिवस मनाया जा रहा है।

मंदिरों में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध है। भक्तों को अपने-अपने घर पर रह कर ही पूजा-अर्चना करने को कहा गया है। मंदिरों में केवल पुजारी और मंदिर प्रबंधन के लोग सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए इस बार भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाएंगे।

वहीं आज घर-घर सुंदर सांवरे सज-धज कर विराज गए है। लोगों ने सुबह से व्रत रख कर लड्डू गोपाल को नहा कर नए वस्त्र, मुकुट, मोर पंख और बांसुरी से हर मन को छू लेने वाला श्रृंगार किया है। लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है।

क्या बड़े क्या बच्चें सब महाप्रभु श्रीकृष्ण को सजाने में लगे है। वहीं रात से ही लोग पूजा-अर्चना में जुट जाएंगे। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद झूला झूला कर उनकी आरती कर पूजा संपन्न करेंगे और प्रभु को भोग अर्पित करेंगें। सचमुच असीम आस्था का पर्व है जन्माष्टमी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here