जमुई : जमुई में पूर्व मुखिया निरंजन सिंह की हत्या अपराधियों ने गोली मार कर दी। घटना जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र केे नोनी गांव की है। जहां मंगलवार की सुबह 8 बजे चार की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
अपराधियों ने पूर्व मुखिया निरंजन सिंह को गोली तब मारी, जब वह सुबह गांव में टहल रहे थे।गोली लगने से मुखिया लहू लूहान हो कर गिर पड़ा।घायल अवस्था में लोगों ने उठाकर इलाज के लिए शेखपुरा ले गए। लेकिन बीच रास्ते में ही मुखिया निरंजन सिंह ने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। मृतक निरंजन सिंह अलीगंज प्रखंड के कोल्हना पंचायत के दो बार मुखिया रहे थे।बताया जा रहा है कि हत्या की घटना को अंजाम देने गांव वालों में गांव के कुछ लोगों के साथ बाहरी लोग भी शामिल थे। शूटर्स ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए मुखिया को गोली मारी और फिर वहां से हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले।मृतक पूर्व मुखिया निरंजन सिंह की पत्नी रूबी देवी ने बताया कि गांव के ही शंभू सिंह, चंदन सिंह ने इस घटना को अंजाम दिया है और दिलवाया है।
गोली चलाने वालों में इन दोनों के अलावा और लोग भी थे जो बाहर से मंगाए गए थे। परिजनों का कहना है कि पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर यह हत्या को अंजाम दिया गया है।इस बार भी निरंजन सिंह पंचायत चुनाव लड़ने वाले थे। मृतक की पत्नी ने पुलिस से गुहार लगाई है कि अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सजा दिलाई जाए। मृतक की पत्नी ने चंद्रदीप थाना के एएसआई पर भी अपराधियों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया है।
गांव के एक शख्स अविनाश सिंह ने बताया कि पूर्व मुखिया निरंजन सिंह सुबह गांव में ही अपने दोस्त के घर चाय पी कर अपने घर के लिए निकले थे, जैसे ही दूसरी गली में पहुंचे अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पूर्व मुखिया की हत्या के बाद पूरे गांव वालों में आक्रोश है। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने पुलिस से इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए सब की गिरफ्तारी की मांग की है। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ डा राकेश कुमार ने बताया कि आपसी रंजिश को लेकर इस हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। जो भी दोषी हैं उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।