धनबाद : झामुमो महानगर उपाध्यक्ष व उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या, घर में मिला लहूलुहान शव।सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के धनबाद महानगर कमेटी के उपाध्यक्ष शंकर रवानी और उनकी पत्नी बालिका देवी की गोली मारकर शनिवार की रात हत्या कर दी गई है। पति-पत्नी का लहूलुहान शव रविवार सुबह भौंरा स्थित घर में मिला। दोनों की हत्या की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी माैके पर पहुंच मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। इस घटना को दो परिवारों के बीच चल रही खूनी लड़ाई के परिणाम के रूप में देखा जा रहा है।भौंरा गौरखूंटी निवासी झामुमो धनबाद के महानगर उपाध्यक्ष 50 वर्षीय शंकर रवानी और 45 वर्षीय उनकी पत्नी बालिका देवी की नृशंस हत्या शनिवार की देर रात अपराधियों ने गोली मारकर और चाकू से गोदकर कर दी। घटना की जानकारी सुबह में लोगों को दोनों के घर से नहीं निकलने पर मिली। शंकर का एक पुत्र करण रवानी 22 वर्षीय बाहर में पढ़ता है। घटना की जानकारी पाकर सिंदरी के डीएसपी एके सिन्हा भौरा ओपी प्रभारी कालिका राम, सुदामडीह थाना प्रभारी व आदि थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है। हत्या का कारण आपसी रंजिश और राजनीतिक द्वेष बताया जाता है। शंकर की हत्या की जानकारी पाकर सिंदरी में रहने वाली उनकी बहन व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं।
डीएसपी का कहना है कि झामुमो नेता और उनकी पत्नी की हत्या हुई है। हत्यारे की खोजबीन जारी है। हत्यारे को जल्द पकड़ लिया जाएगा। घटनास्थल से पुलिस ने चाकू और नाइन एमएम का एक खोखा जब्त किया है। घटना से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।