महिलाओं को एक रूपये में रजिस्ट्री की सुविधा को पुनः बहाल करने की मानगो विकास समिति ने की मांग

0

जमशेदपुर : महिलाओं को एक रूपये में रजिस्ट्री की सुविधा को पुनः बहाल करने की मांग मानगो विकास समिति ने रजिस्ट्रार जमशेदपुर के माध्यम से राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सह स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से की है। बता दें कि महिलाओं की सुविधा के लिए जून 2017 से लागू इस व्यवस्था काे वर्तमान राज्य सरकार द्वारा एक अधिसूचना जारी कर साल 2020 मेंं वापस लिया जा चुका है। महिलाओं के हित को ध्‍यान में रखते हुए मानगो विकास समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह ने महिलाओं के लिए यह सुविधा फिर से बहाल करने पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने की मांग करते हुए कहा है कि झारखंड राज्य में महिलाओं को एक रुपये में जमीन और मकान की रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध थी। यह महिला सम्मान से जुड़ा था तथा परिवार में निश्चित रूप से उनका सम्मान बढ़ा था।

बुढ़ापे में महिलाओं के नाम पर अगर कोई अचल सम्पत्ति होती है तो बेटे-बहू उसकी बेहतर देखभाल करते हैं। सामान्य तौर पर महिला अर्निंग मेम्बर नहीं होती व उनके जिम्में कोई बैंक बैलेंस नहीं होता। पति के रहते तो किसी प्रकार गुज़ारा हो जाता है ले‍किन पति के न रहने पर या उसके द्वारा नहीं पूछे जाने पर महिला का जीवन नारकीय हो जाता है। ऐसे में लालच में ही सही, रजिस्ट्री की सुविधा की स्थिति में महिलाओं का गुज़र बसर हो जाएगा। इससे रजिस्ट्री की संख्या में वृद्धि होगी और सरकार को बिजली, पानी, होल्डिंग आदि के नाम पर राजस्व भी प्राप्त होगा। इससे निर्माण क्षेत्र का भी संरक्षण होगा और निर्माण सेक्टर में कार्यरत मजदूरों को रोजगार भी मिलेगा। इस अवसर पर अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह के साथ हर्षित सिंह दीपक और पतित पावन उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here