जमशेदपुर : हजारीबाग के डीएसपी कमल किशोर के पुत्र प्रियांक किशोर ने यूपीएसी में 61वां रैंक हासिल कर अपना परचम लहराया है। दूसरी बार इतनी बडी सफलता पाकर उन्होनें परिवार सहित जमशेदपुर का नाम भी रौशन किया है।बता दें कि यूपीएससी यानी संघ लोक सेवा आयोग ने अगस्त 2019 में आयोजित किए सिविल सेवा परीक्षा का फाइनल परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग के मुताबिक इस साल कुल 829 छात्र पास हुए हैं। यूपीएससी टॉपर प्रदीप सिंह बने हैं। वहीं दूसरे स्थान पर जतिन किशोर और तीसरे स्थान पर प्रतिभा वर्मा हैं।
प्रियांक किशोर
वहीं हजारीबाग के डीएसपी कमल किशोर का पुत्र प्रियांक किशोर काे 61वां स्थान इस रिजल्ट में मिला है। प्रियांक जमशेदपुर के बिरसानगर का निवासी है। प्रियांक किशोर ने पिछले साल 274वां रैंक के साथ इस परीक्षा में सफलता हासिल की थी। वह भी पहले ही प्रयास में। लेकिन इस बार अपने दूसरे प्रयास में उन्होंने एक बार फिर से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रियांक के पिता वर्तमान मे हजारीबाग सदर मे वह डीएसपी के पद पर पदस्थापित है। जमशेदपुर मे भी वह कई थानों मे रह चुके है। साथ ही पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके है।
मूमल राजपुरोहित
वहीं जमशेदपुर के फॉरेस्ट ऑफिसर की बेटी मुमल राजपुरोहित को यूपीएससी में 173 रैंक मिला है। मुमल के पिता जब्बार सिंह राजपुरोहित व माता रेखा राजपुरोहित जमशेदपुर के सर्किट हाउस एरिया में रहते हैं। मुमल ने इस सफलता की खुशी जाहिर करते हुए अपनी कामयाबी का हकदार अपने माता-पिता को बताया। उनका कहना है कि कि जब भी वह परेशान होती थी, उनकी मां उनको संभालती थीं और हमेशा सही रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करती थीं। मुमल का सपना बचपन से ही अधिकारी बनने का था। यूपीएससी में मुमल का विषय पॉलीटिकल साइंस ऑन इंटरनेशनल रिलेशन था। अपने जीवन में वह गरीब बच्चों की सेवा व सहायता करना चाहती हैं। उन्होंने कहना कि वह जहां भी रहेंगी वहां के गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करती रहेंगी।