जमशेदपुर : राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर वीर शहीद गणेश हांसदा पुस्तकालय के तत्वाधान में ग्रामीण बच्चों को आत्मरक्षा के लिए कराटे का प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया। प्रशिक्षण केंद्र का संचालन झारखण्ड स्टेट कराटे डु एसोशियेशन के जनरल सेक्रेटरी क्योशी एल नागेस्वर राव के मार्गदर्शन में किया जायेगा। प्रशिक्षण केंद्र के शुभारंभ के मौके पर खेल दिवस व मेजर ध्यानचंद के बारे में बच्चों को बताने के बाद संस्था के सेंसेई प्रियब्रत दत्ता, सेंसेई राजा मंडल, संपई लेवानंद हेम्ब्रम ने गांव के लड़के-लड़कियों को आत्मरक्षा व कराटे के बारे में विस्तार से बताया। प्रशिक्षक सेंसेई प्रियब्रत दत्ता ने बताया कि कराटे का प्रशिक्षण लेना युवाओं खासकर किशोरियों के लिए बेहद जरुरी है, इससे ना केवल बच्चे अपनी आत्मरक्षा कर सकेंगे, इससे उनके इम्युनिटी व क्षमता में भी बढ़ोतरी होती है, वह आगे चलकर कराटे के क्षेत्र में भी कार्य कर सकते है।
पंचायत में निश्चय फाउंडेशन की पहल पर शुरू किये गए कार्यों से प्रेरित होकर झारखण्ड स्टेट कराटे डु एसोशियेशन ने इलाके के बच्चों को कराटे प्रशिक्षण शुरू किया है। प्रशिक्षक सेंसेई राजा मंडल, संपई लेवानंद हेम्ब्रम के नेतृत्व में पुस्तकालय में साप्ताहिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें गांव के किशोर-किशोरियां कराटे का प्रशिक्षण ले सकेंगे। मौके पर उपस्थित वीर शहीद गणेश हांसदा के बड़े भाई दिनेश हांसदा ने बताया कि प्रिय गणेश की याद में पंचायत के बच्चों के बेहतरी के लिए सामाजिक संस्थाएं आगे आकर कार्य कर रही है, इससे हम बेहद गौरवांवित महसूस कर रहे है। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के मौके पर पंचायत के चिंगड़ा-लाधनासोल में भी वीर शहीद गणेश हांसदा पुस्तकालय का शुभारंभ किया जाएगा। मौके पर उपस्थित निश्चय के संस्थापक सचिव तरुण कुमार ने बताया की वीर शहीद गणेश की याद में निश्चय द्वारा शुरू किये गए फेलोशिप व पुस्तकालय अभियान से समाज को बड़े पैमाने पर सकारात्मक संदेश गया है। इस अभियान का उद्देश्य इलाके के युवाओं को सही दिशा व मार्गदर्शन देना है।