MIRROR MEDIA : कई बड़े हस्तियों का ट्वीटर अकाउंट हैक करने वाले शख्स को देर से ही सही पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता पाई हैl प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने फ्लोरिडा निवासी एक 17 साल के एक लड़के को गिरफ्तार कर दो अन्य व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया है। आपको बता दें कि जुलाई में कई प्रमुख नेताओं, सेलिब्रिटी और प्रौद्योगिकी जगत के उद्योगपतियों के ट्विटर अकाउंट हैक हो गए थे। जिसके बाद दुनिया भर में लोगों के साथ एक लाख डॉलर से अधिक के ‘बिटकॉइन’ का घोटाला होने की बात सामने आई थीl
सूत्रों कि माने तो टम्पा से गिरफ्तार किया गया शख्स ग्राहम इवान क्लार्क पर हिल्सबोरो स्टेट अटार्नी के कार्यालय में उस पर एक वयस्क के रूप में मुकदमा चलाया जाएगा। वह गंभीर अपराध के 30 आरोपों का सामना कर रहा है। वहीँ एक रिपोर्ट के मुताबिक, हैकिंग से फायदा उठाने वाले 2 और लोगों, मैसन शेफर्ड और नीमा फजेली को कैलिफोर्निया संघीय अदालत में अलग से आरोपित किया गया है। शेफर्ड ब्रिटेन का जबकि नीमा ओरलैंडो (अमेरिका) का निवासी है।
विदित रहे कि सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा में सेंध लगाते हुए हाई प्रोफाइल मामलों में शामिल इस प्रकरण के तहत अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, पूर्व उपराष्ट्रपति जो बाइडेन के अलावा मार्क ब्लूमबर्ग और अमेजन के सीईओ जेफ बीजोस, माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स और टेस्ला के सीईओ एलोन मस्क के ट्विटर अकाउंट से फर्जी ट्वीट किए गए थे। साथ ही, कान्ये वेस्ट और उनकी पत्नी किम कर्दाशियां वेस्ट जैसी सेलिब्रिटी के टि्वटर अकाउंट भी हैक किए गए थे। जिसके बाद इन ट्वीट के जरिए एक अनाम बिटकॉइन पते पर प्रत्येक 1,000 डॉलर भेजने पर 2,000 डॉलर देने की पेशकश की गई थी।